भोपाल में अड़ीबाज बदमाशों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, छुरी के साथ आरोपी गिरफ्तार


भोपाल। अयोध्यानगर थाना पुलिस ने क्षेत्र में रौबदारी, रंगदारी और अड़ीबाजी करने वाले बदमाशों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने एक आरोपी को धारदार छुरी के साथ दबोचा।

पुलिस आयुक्त संजय कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश गोस्वामी के निर्देश पर शहर में सरेराह गुंडागर्दी और रंगदारी करने वालों के खिलाफ लगातार सख्ती बरती जा रही है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त जोन-02 विवेक सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त गौतम सोलंकी के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त एम.पी. नगर संभाग मनीष भारद्वाज के मार्गदर्शन में अयोध्यानगर पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

घटना 28 मार्च 2026 की है, जब झील नगर के बदमाश आशीष यादव उर्फ बब्बी और विक्की उर्फ विकास धनमेरिया ने अपने साथियों के साथ मिलकर राजीव नगर के मैदान में फरियादी शिवम बिछैले से शराब पीने के लिए पैसे मांगते हुए मारपीट की थी। मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे, जिनकी तलाश लगातार जारी थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने राजीव नगर बी सेक्टर के एक पार्क से आशीष यादव को धारदार छुरी के साथ गिरफ्तार किया, जबकि दूसरे आरोपी विक्की उर्फ विकास धनमेरिया को भी पकड़कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और क्षेत्र में आम लोगों पर रौब जमाकर अड़ीबाजी करते थे।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी महेश लिल्हारे सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.